Bharatpur News: नगला चांदमारी में मैथिल ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास का डॉ. गर्ग ने किया लोकार्पण

- नगला चांदमारी में मैथिल ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास का डॉ. गर्ग ने किया लोकार्पण
- समाज शिक्षा के साथ संस्कार देकर योग्य बनाये बच्चों को-डॉ. गर्ग
- कच्चा कुंडा स्थित मैथिल समाज की धर्मशाला व छात्रावास निर्माण के लिये विधायक कोष से 5 लाख रुपये की भी घोषणा की
भरतपुर, 10 मई । नगला चांदमारी में श्री मैथिल ब्राह्मण सेवा समिति द्वारा नव निर्मित मैथिल ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास का लोकार्पण समारोह पूर्व मंत्री व वर्तमान विधायक डॉ. सुभाष गर्ग के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में अखिल भारतीय मैथिल ब्राह्मण महासभा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे ।
लोकार्पण के पश्चात समारोह को डॉ. गर्ग ने सम्बोधित करते हुए कहा कि मैथिल समाज द्वारा निर्मित यह धर्मशाला समाज के सामूहिक कार्यक्रमों, विवाह और अन्य उत्सवों के लिए बेहतर स्थान बनेगी। वहीं छात्रावास के माध्यम से समाज के बच्चों को ठहरने और अपनी शैक्षणिक गतिविधियां पूरी करने की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि यह धर्मशाला और छात्रावास केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि समाज की संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक एकता का केंद्र बनेगा। डॉ. गर्ग ने बच्चों को शिक्षित करने और उन्हें बेहतर माहौल व संस्कार देने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं से आव्हान किया कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और सेवा के मार्ग पर चलकर देश के विकास में सहभागिता निभाएं ।
उन्होंने यह भी कहा कि वे भरतपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए समर्पण भाव से लगे हुए हैं और भरतपुर को एजुकेशन हब बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इस दौरान विधायक डॉ. गर्ग ने कच्चा कुंडा स्थित मैथिल समाज की धर्मशाला व छात्रावास निर्माण के लिये विधायक कोष से 5 लाख रुपये देने की भी घोषणा की ।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि धर्मशाला एवं छात्रावास का मुख्य उद्देश्य बाहर से पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों को सुरक्षित और आवास उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही इसका उपयोग सामाजिक आयोजनों, विवाह और अन्य कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकेगा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, मंत्री वीर सिंह, रणवीर सिंह, कांग्रेस के शहर अध्यक्ष दयाचंद पचौरी, ब्राह्मण सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष कौशलेश शर्मा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज भारद्वाज सहित समाज के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान डॉ. गर्ग का साफा, माला और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया।