BharatpurNews: 70वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य समापन, सीकर और श्री गंगानगर का रहा दबदबा।

भरतपुर। दिनांक 19 अक्टूबर 2026। मास्टर आदित्येन्द्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भरतपुर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक भागीरथ सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतुल चतुर्वेदी ( मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी भरतपुर ) ने की।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदीप शर्मा संपादक दैनिक भास्कर सहित भामाशाह विशिष्ट अतिथियों में योगेश (भामाशाह ) , पूर्व खेल अधिकारी सत्यप्रकाश लुहाच , तेजेन्द्र पाल सिंह गुड्डू, वीरो मुरवारा एवं कप्तान सिंह उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक मधु उपाध्याय , सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक भरतपुर सुरेन्द्र गोपालिया ने खिलाड़ियों का सम्बोधित किया। उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा गंभीर सिंह एवं संयुक्त संचालन सचिव एवं प्राचार्य मास्टर आदित्येन्द्र राउमावि भरतपुर यशवीर सिंह फौजदार ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रतियोगिता के घोषित परिणामों के अनुसार 19 वर्षीय छात्र वर्ग में बालक एथलेटिक्स एकेडमी श्रीगंगानगर ने 34 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सीकर 27 अंकों के साथ द्वितीय तथा चूरू 23 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा। वहीं 17 वर्षीय छात्र वर्ग में सीकर ने 31 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। चूरू 25 अंकों के साथ द्वितीय तथा हनुमानगढ़ 21 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
व्यक्तिगत स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 17 वर्षीय छात्र वर्ग की 1500 मीटर एवं 3000 मीटर दौड़ में भरतपुर के रोहित ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। वहीं 19 वर्षीय छात्र वर्ग में 100 मीटर, 200 मीटर एवं 4×100 मीटर रिले स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीकर के दर्शन निर्मल को सर्वश्रेष्ठ एथलीट घोषित किया गया।
समापन समारोह में अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, परिश्रम और टीम भावना विकसित करते हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने तथा भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में लगे समस्त प्रधानाचार्य एवं आवास व्यवस्था के लिए आवंटित समस्त निजी विद्यालयों के अद्भुत सहयोग के लिए संयोजक एवं अध्यक्ष ने धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रतियोगिता के संयोजक, आयोजन समिति, निर्णायकों, शारीरिक शिक्षकों, प्रशिक्षकों, विद्यालय स्टाफ एवं विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे कार्मिकों बबीता चौधरी , धर्मवीर सिंह , सौरभ सिंह , पदम सिंह , अजय फौजदार , संदीप देशवाल , जल सिंह , राजेश सिंह , गरिमा सिंह , करन सिंह , मोहनसिंह , राजवीरसिंह , अजयराज सिंह , सतेन्द्र गोदारा , अनिल शर्मा इत्यादि के योगदान की सराहना की गई। समारोह का संचालन योगेश शर्मा एवं विजय सिंह कुंतल ने किया।
समापन समारोह का आरंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ । कार्यक्रम में एसबीके विद्यालय की छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रही । अंत में आयोजन समिति ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों, दल प्रभारियों, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों और खेल भावना के उत्सव के साथ 70वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हुआ।