BharatpurNews: राष्ट्रीय परशुराम सेना ब्रह्मवाहिनी ने राज्यस्तरीय पदक विजेता खिलाड़ियों का किया सम्मान

भरतपुर। राष्ट्रीय परशुराम सेना ब्रह्मवाहिनी द्वारा युवा प्रदेश अध्यक्ष पंडित हरीश पाठक के नेतृत्व में जूडो, कराटे एवं ताइक्वांडो में राज्यस्तरीय उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम में खिलाड़ियों का माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवा प्रदेश अध्यक्ष पंडित हरीश पाठक ने कहा कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में जयशंकर टाइगर क्लब, भरतपुर के छह खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भरतपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर बड़े मंचों पर सफलता का परचम लहरा सकती हैं।
उन्होंने पदक विजेता खिलाड़ियों देव प्रताप सिंह, रुचिका मिश्रा, दिव्यानी सिंह, रामया शर्मा, प्रियांशु सिंह एवं अक्षेंद्र शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और इससे अन्य युवा भी खेलों के प्रति प्रोत्साहित होंगे।
प्रदेश मंत्री मनोज लवानिया ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का सम्मान करना समाज का दायित्व है ताकि उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती रहे।
इस अवसर पर भरतपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन की सचिव एवं कोच दीप्ति शर्मा ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि यह तो उनकी सफलता की शुरुआत है। आने वाले समय में यही खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान और देश का नाम रोशन करेंगे।
जयशंकर टाइगर क्लब की अध्यक्ष प्रतिभा शर्मा एवं सचिव पीयूष जयशंकर टाइगर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है और ये खिलाड़ी भारत के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक हैं।